उत्तर प्रदेश हमारा घर है यहां से विकास बाधित करने वालों को खदेड़ कर दम लूँगा। मेरा मजाक उड़ाने वाले कभी गरीबों-मजदूरों के घर नहीं गए, सिर्फ वह वादे करके प्रलोभन देते हैं। हम गरीबों-मजदूरों-किसानों- नौजवानों की सरकार चाहते हैं...
विजय विनीत
उत्तर प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले सोनभद्र में 20 दिन के भीतर दो बार आकर राहुल गांधी ने आदिवासियों को लुभाने का काम किया। बृहस्पतिवार 9 फरवरी को जिला मुख्यालय पर मंडी समिति के मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों-आदिवासियों दलितों के घर जाने पर विपक्षी मेरा मजाक उड़ाते हैं, मुझे पागल कहते हैं.

लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। मैं जब तक उत्तर प्रदेश को बदल नहीं लूँगा, वापस नहीं जाऊंगा। उत्तर प्रदेश हमारा घर है यहां से विकास बाधित करने वालों को खदेड़ कर दम लूँगा। मेरा मजाक उड़ाने वाले कभी गरीबों-मजदूरों के घर नहीं गए, सिर्फ वह वादे करके प्रलोभन देते हैं। हम वादा करने नहीं आए सिर्फ एक बात कहने आए हैं कि हम गरीबों-मजदूरों-किसानों- नौजवानों की सरकार चाहते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि जब बुंदेलखण्ड में भंयकर सुखा पड़ा था उस समय मायावती या मुलायम कोई भी वहां नहीं गया वहां सिर्फ हम गए। वहां के लोगों से बात की लोगों की समस्या देखी। हमने प्रधानमंत्री से कहकर सुखे की समस्या से निजात दिलाने के लिए बुंदेलखण्ड पैकेज दिया। देश के कई हिस्सों में घूमा किसान आत्महत्या कर रहे थे, हमने प्रधानमंत्री से कहकर 60 हजार करोड़ का कर्जा माफ किया।
राहुल ने विपक्षी दलों पर हल्ला बोलते हुए कहा कि जब चुनाव का समय आया है तब मुलायम को बुंदेलखण्ड की याद आई है और दो दिन पहले बुँदेलखण्ड पहुंचकर उसे इजराईल बनाने की बात कहकर आए हैं। मायावती और मुलायम ने किसानों- नौजवानों-बेरोजगारों-मजदूरों के लिए कुछ नहीं किया। हमने सूचना का अधिकार मनरेगा जैसी तमाम योजनाएँ दी।
देश में गरीब आदिवासी कहते थे हमारी जमीनें छीन ली गई। कांग्रेस सरकार ने वनाधिकार अधिनियम पास किया ताकि आदिवासियों को उनकी जमीनें मिल सकें। लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार ने उसका क्रियान्वयन ठीक ढंग से नहीं किया। तमाम लोगों को जमीनें नहीं मिल पाई हैं। विपक्षी समझते हैं राजनीति सिर्फ लाल बत्ती से होती है। मुलायम सिंह कहते हैं हमारी सरकार बनी तो हम सबको मुफ्त में बिजली देंगे। 22 साल में जब सूबे में एक भी बिजली घर नहीं लगे तो बिजली क्या आसमान से पैदा होगी। हमने अल्पसंख्यकों को आरक्षण दिया। मायावती और मुलायम ने देश का पैसा चोरी किया। मायावती ने गरीबों की गाढ़ी कमाई लूटकर पत्थरों की मूर्तियां लगवाई।
राहुल गांधी ने कहा कि 8 फरवरी को उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में मतदान हुआ । मतदान का प्रतिशत 60 से 65 रहा है। साफ जाहिर है कि यह जो प्रतिशत बढ़ा है वह कांग्रेस का बढ़ा है, नौजवानों महिलाओं ने कांग्रेस को वोट दिया है। हमने जिस तरह दिल्ली से विपक्षियों को भगाया है उत्तर प्रदेश से भी भगायेंगे। हम यहां के खेतों में घूमेंगे, मजदूरों के बीच रहेंगे, किसानों के बीच रहेगें और जब तक इस प्रदेश को बदल नही लूंगा घर नहीं जाऊंगा।
आज आम आदमी के घर में चमक नहीं दिखाई देती है वह सिर्फ मायावती और मुलायम के घर में दिखाई देती है। दुद्धी से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी विजय सिंह गौड़ का पर्चा खारिज होने पर दुद्धी से राहुल गांधी ने रूबी प्रसाद का समर्थन करने की घोषणा की। 14 मिनट में उन्होंने अपना भाषण समाप्त किया। इसके बाद मंच से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
मंच से उतरते समय एक बार पुनः उन्होंने माईक पकड़ लिया और अपने कार्यकर्ताओं की गैलरी की तरफ देखते हुए कहा कि 22 सालों से नाटक देख रहा हूं अब यह सब कुछ नहीं चलेगा, जाईए बुथों पर जाईए और मतदान करवाईए। अपने संबोधन के दौरान कई बार उन्होंने आदिवासियों व दलितों का नाम लिया। राहुल गांधी के सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए थे काली शाल व अन्य काला कपड़ा लेकर जाने वालों को सभा स्थल से सुरक्षाकर्मियों ने बाहर कर दिया।

विजय विनीत वरिष्ठ पत्रकार हैं.उन्होंने सोनभद्र क्षेत्र में हुई फर्जी मुठभेड़ों पर महत्वपूर्ण रिपोर्टिंग की है.


