एसपी अंकित गर्ग पर पहले भी निर्दोष आदिवासियों की हत्या और गंभीर मानवाधिकार हनन के मामले उठते रहे हैं। दंतेवाड़ा के बीजापुर में महुआ बिनते 6 आदिवासियों की हत्या मामले में लीपापोती, पोंजेर में पुलिसवालों और सलवा जुडूम सैनिकों द्वारा आदिवासियों की हत्या जैसे आधा दर्जन से अधिक मामले...
जनज्वार. स्कूल शिक्षक सोनी सोरी ने दंतेवाड़ा के एसपी अंकित गर्ग पर हिरासत में नंगा कर प्रताडि़त करने के जो आरोप लगाये हैं, उसको एसपी ने आधारहीन बताया है। एसपी अंकित गर्ग के मुताबिक, ‘सोनी सोरी ने सुप्रीम कोर्ट को संबोधित अपने पत्र में मुझपर जो आरोप लगाये हैं वह मनगढ़ंत और गुनाहों पर पर्दा डालने वाले हैं।’ एक कैदी द्वारा यह आरोप उस अधिकारी पर लगाये जा रहे हैं जो छत्तीसगढ़ राज्य मानवाधिकार आयोग का सचिव रह चुका है.

गौरतलब है कि सोनी सोरी को पिछले दिनों दक्षिणी दिल्ली के एक इलाके से एस्सार कंपनी से माओवादियों के लिए लेवी जुटाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। सोनी सोरी के पत्र लिखे जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उनका ईलाज पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हो रहा है। सुत्रों के मुताबिक वहां भी पुलिस मनमानी से बाज नहीं आ रही है और डाॅक्टरों पर रिमांड पर लेने के लिए जोर दे रही है, जो कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की खुली अवहेलना है।
एसपी अंकित गर्ग पर पहले भी निर्दोश आदिवासियों की हत्या और गंभीर मानवाधिकार हनन के मामले उठते रहे हैं। दंतेवाड़ा के बीजापुर में महुआ बिनते 6 आदिवासियों की हत्या मामले में लीपापोती, पोंजेर में पुलिसवालों और सलवा जुडूम सैनिकों द्वारा आदिवासियों की हत्या और बहुत दबाव के बाद अज्ञात वर्दीधारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आदिवासी नेता कोपा कुंजाम की हत्या की साजिश, माठवाड़ा सलवा जुडूम कैंप में तीन आदिवासियों की हत्या, चेरपाल में चल रही एक बैठक में पुलिसवालों द्वारा एक महिला और ढाई साल के एक बच्चे की हत्या जैसे मामलों में एसपी अंकित गर्ग पर इनमें शामिल होने या अपराधी पुलिसकर्मियों के बचाव के आरोप लगते रहे हैं।
सोनी सोरी के मामले में लंबे समय से जुड़े हुए सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु कुमार ने कहा कि ‘सोनी के साथ जो हो रहा है वह कोई नया मामला नहीं है। मैंने अपने कई बयानों और लेखों में तीन साल से कह रहा हूं कि कोई उस लड़की को बचाये। और आखिरकार वह पुलिसवालों के चंगूल में फंस गयी है।’छत्तीसगढ़ राज्य से न्याय की उम्मीद पर उन्होंने कहा कि 'जो सरकार अंकित गर्ग जैसे अधिकारियों को राज्य मानवाधिकार आयोग का सचिव नियुक्त करती है, उससे उम्मीद क्या रखी जाये.'
संबंधित खबर - सोनी सोरी को एसपी ने किया नंगा, लगाया करंट


